![]()
![]()
दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा की जान चली गई, जबकि भतीजा घायल हो गया। दोनों बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे, लेकिन रास्ता भटकने के बाद यह सफर हादसे में बदल गया।
घटना जमुनिया मार्ग पर हरदुआ गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि बाइक अचानक फिसल गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पटेरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 30 वर्षीय बृजेश उर्फ छोटू आदिवासी ने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई अच्छे लाल ने बताया कि वे छतरपुर जिले के किशनगढ़ गांव के रहने वाले हैं। उनके बेटे और भाई बृजेश बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बृजेश की मौत हो चुकी थी।
घायल भतीजे बल्लू ने बताया कि वे रेवजा गांव जा रहे थे, लेकिन रास्ता भटककर पटेरा-जमुनिया रोड पर पहुंच गए। हरदुआ गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे यह हादसा हो गया।
पटेरा के बीएमओ डॉ. आर.आर. बागरी के मुताबिक दोनों को घायल हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। पुलिस को सूचना दे दी गई है और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।