कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम के दौरान भंवरकुआं से राजेंद्र नगर तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। यातायात डायवर्जन दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा।
कार्यक्रम स्थल के आसपास पांच प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। इसके साथ ही भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर भी कई मार्गों पर प्रतिबंध लगाया गया है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस अवधि में प्रतिबंधित मार्गों से जाने के बजाय निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
इन रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
राऊ चौराहे से राजेंद्र नगर तिराहे की ओर, नर्मदा नगर चौराहे से राजेंद्र नगर ब्रिज की ओर, गोपुर चौराहे से चाणक्यपुरी चौराहे की ओर, बिजलपुर फाटा से चोइथराम चौराहे की ओर और बिजलपुर चौराहे से कैसरबाग की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा अवासा चौराहे से चाणक्यपुरी ब्रिज के चढ़ाव की ओर, चाणक्यपुरी ब्रिज के चढ़ाव से चोइथराम मंडी की ओर, ट्रांसपोर्ट नगर से चोइथराम चौराहे की ओर, तीन इमली चौराहे से आईटी पार्क चौराहे की ओर, तेजाजी नगर चौराहे से आईटी पार्क चौराहे की ओर और देवगुराड़िया चौराहे से तीन इमली चौराहे की ओर भी भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों पर ट्रक, सिटी बस, लोडिंग वाहन और अन्य भारी एवं व्यावसायिक वाहनों का संचालन नहीं किया जा सकेगा।
पांच मार्ग नो-व्हीकल जोन
कार्यक्रम स्थल के आसपास पांच प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। इनमें चोइथराम चौराहे से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाला मार्ग, गड़बड़ी पुलिया से चोइथराम की ओर जाने वाला मार्ग और राजीव गांधी चौराहे से चोइथराम चौराहे की ओर जाने वाला मार्ग शामिल है।
इसके अलावा प्रतिष्ठा ढाबा चौराहे से राजीव गांधी चौराहे की ओर तथा भंवरकुआं चौराहे से भोलाराम उस्ताद मार्ग होते हुए राजीव गांधी चौराहे तक का मार्ग भी नो-व्हीकल जोन रहेगा।
कार्यक्रम में आने वालों के लिए यहां पार्किंग
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। शीतल नगर का खाली मैदान, बुरहानी सोसायटी की जमीन, बिजलपुर चौराहे से कैसरबाग रेलवे ब्रिज की ओर का क्षेत्र, शुभ कारज गार्डन और प्रतिष्ठा ढाबे के पीछे स्थित कान्हा मैरिज गार्डन में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
भारी वाहनों के लिए ये होंगे वैकल्पिक रास्ते
राजेंद्र नगर से चंदन नगर चौराहे की ओर जाने वाले भारी वाहन चंदन नगर चौराहा, फूटी कोठी चौराहा, गोपुर चौराहा, नर्मदा चौराहा और आरआर कैट चौराहे से होते हुए शहर की ओर जा सकेंगे।
वहीं राऊ चौराहे से शहर की ओर आने वाले परिवहन वाहनों के लिए पीथमपुर और रंगवासा चौराहे के रास्ते का इस्तेमाल करने की व्यवस्था की गई है।
दोपहर 1 बजे से लागू होगी व्यवस्था
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने यह व्यवस्था लागू की है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे 19 सितंबर को दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
कार्यक्रम क्षेत्र के आसपास रहने वाले रहवासियों से भी अपील की गई है कि वे यातायात व्यवस्था में होने वाले बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
