![]()
![]()
छिंदवाड़ा शहर में गैस सिलेंडर की कमी नहीं, लेकिन खराब वितरण व्यवस्था ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। परासिया रोड और शक्ति नगर इलाके में समय पर सिलेंडर नहीं पहुंचने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा कर दिया।
नाराज लोग सीधे गैस गोदाम पहुंच गए और एजेंसी संचालकों के खिलाफ विरोध जताया। उनका कहना था कि पहले से बुकिंग करने के बावजूद कई-कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे घरों में दिक्कत बढ़ गई है।
मामला बढ़ने के बाद आपूर्ति विभाग के अधिकारी हरकत में आए और व्यवस्था सुधारने के लिए तुरंत कदम उठाए गए। लंबित ऑर्डर खत्म करने के लिए एक ही दिन में 2600 से ज्यादा सिलेंडर की डिलीवरी कराई गई।
इस दौरान प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में सप्लाई कराई गई, ताकि कोई अव्यवस्था न हो। अधिकारियों ने गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि होम डिलीवरी समय पर की जाए और डिलीवरी वाहन तय समय पर पहुंचें।
आम दिनों में जहां करीब 1500 सिलेंडर रोज बांटे जाते थे, वहीं विशेष व्यवस्था के तहत 2607 सिलेंडर वितरित किए गए। प्रशासन का कहना है कि अब लगातार निगरानी रखी जाएगी और लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।