![]()
शाजापुर में मंगलवार को सकल जैन समाज द्वारा भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य पालकी यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
![]()
शाजापुर में मंगलवार को सकल जैन समाज द्वारा भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य पालकी यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
पालकी यात्रा की शुरुआत चौबीस जिनालय धाम, ओसवाल सेरी से हुई। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सुगंधी गली, बजाज खाना, आजाद चौक, कपड़ा मार्केट, सोमवारिया बाजार, नागनागिनी रोड, टॉकीज चौराहा और नई सड़क से होते हुए पुनः चौबीस जिनालय धाम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा “हाथी, घोड़ा, पालकी…जय त्रिशला मां के लाल की” और “त्रिशला नंदन वीर की – जय बोलो महावीर की” जैसे जयघोष लगाए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
महोत्सव के तहत दोपहर 3 बजे जिला जेल परिसर स्थित श्री महावीर गौशाला में गौसेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान समाजजनों ने गौवंश को पशु आहार और खोपरा खिलाकर सेवा का कार्य किया। शाम 7 बजे श्री सिद्धाचल वीरमणि महातीर्थ धाम लालघाटी में प्रभु भक्ति और महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक माहौल को और भी सजीव बना दिया।
इस आयोजन में सकल जैन समाज अध्यक्ष सपन जैन, महामंत्री अजित जैन, श्वेतांबर जैन समाज अध्यक्ष लोकेंद्र नारेलिया, खतरगच्छ संघ अध्यक्ष ज्ञानचंद भंसाली, दिगंबर समाज अध्यक्ष शांतिलाल जैन, स्थानकवासी ओसवाल समाज अध्यक्ष लोकेश जैन (बंटी), पोरवाल समाज अध्यक्ष पीयूष जैन, श्री सिद्धाचल वीरमणि महातीर्थ धाम के प्रमुख ट्रस्टी सुनील नाहर, मनोज गोलेछा और प्रतीक जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।