इंदौर में दूध के दामों में लगभग 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई है, जबकि धार में यह बढ़ोतरी 4 रुपए प्रति लीटर तक है। मप्र दुग्ध विक्रेता महासंघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला के अनुसार, प्रदेश के अन्य शहरों जैसे भोपाल, ग्वालियर, देवास, उज्जैन, बड़वाह और जबलपुर समेत कई जगहों पर भी कीमतों में इजाफा किया जाएगा। इन शहरों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है।
संघ का कहना है कि पशु आहार, जैसे कपास खली, चारा और भूसे की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। यदि यह बढ़ोतरी जारी रहती है, तो आने वाले समय में दूध की कीमतों पर दोबारा विचार किया जा सकता है।
नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी। इसके तहत घर पहुंच सेवा के लिए दूध की कीमत करीब 63 रुपए प्रति लीटर रहेगी, जबकि दुकानों या डेयरियों पर यह लगभग 65 रुपए प्रति लीटर तक होगी। कीमतें 5.5 से 6 फैट के आधार पर तय की गई हैं।
फैट के अनुसार खरीद दरों में भी बदलाव किया गया है। पहले 8.60 रुपए प्रति फैट के हिसाब से खरीद की जाती थी, जिसे अब बढ़ाकर 8.95 रुपए प्रति फैट कर दिया गया है। इसके अलावा होम डिलीवरी पर प्रति लीटर 1 रुपए अतिरिक्त शुल्क भी जोड़ा गया है।
हालांकि, जहां निजी दूध विक्रेताओं ने कीमतों में बढ़ोतरी की है, वहीं ‘सांची’ ने फिलहाल अपने दामों में कोई बदलाव नहीं किया है। सांची के सीईओ बलबीर शर्मा के अनुसार अभी कीमतें यथावत रखी जाएंगी।