![]()
इंदौर में शोकग्रस्त परिवारों को सहूलियत प्रदान करने के उद्देश्य से नि:शुल्क शव-वाहन सेवा की शुरुआत की गई है। यह सुविधा उन मामलों में लागू होगी, जहां किसी व्यक्ति की मृत्यु सरकारी अस्पतालों में उपचार के दौरान होती है। इस पहल को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित शिक्षा विभाग द्वारा लागू किया गया है, जिसके तहत नागरिकों की सुविधा के लिए टोल-फ्री नंबर 155-334 जारी किया गया है। इस नंबर पर संपर्क कर शव-वाहन की सेवा प्राप्त की जा सकती है।
सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हसानी के अनुसार, यह व्यवस्था जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में प्रभावी रहेगी। इसमें मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सहित अन्य सरकारी अस्पताल शामिल हैं।
इस सेवा के माध्यम से मृतक के शव को सम्मानजनक तरीके से परिजनों को सौंपा जाएगा और वहां से उनके निवास स्थान, मुक्तिधाम या कब्रिस्तान तक बिना किसी शुल्क के पहुंचाने की सुविधा दी जाएगी। यह व्यवस्था जिले की सीमाओं के भीतर ही लागू रहेगी। यह पहल विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए सहायक मानी जा रही है, जिससे उन्हें इस कठिन समय में शव परिवहन से जुड़ी अतिरिक्त परेशानियों और खर्च का सामना नहीं करना पड़ेगा।
