दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र के सतरिया गांव में गुरुवार देर रात तेज आंधी-तूफान के चलते एक मकान का छप्पर गिर गया, जिससे घर में सो रही एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान हल्की बहू के रूप में हुई है।
परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार सुबह उन्हें इलाज के लिए पटेरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए महिला के भतीजे घनश्याम पटेल ने बताया कि उनकी चाची जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान तेज तूफान के कारण घर की छत पर लगी चादरें और लोहे के पाइप टूटकर उनके ऊपर गिर पड़े।
महिला की चीख सुनकर घर के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें मलबे से बाहर निकाला। इस हादसे में घर के अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घनश्याम पटेल ने बताया कि महिला के दोनों बच्चे उस समय पलंग पर अलग स्थान पर सो रहे थे, जिससे वे इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गए।
घटना के बाद परिवार ने प्रशासन से सहायता की मांग की है। घनश्याम पटेल ने बताया कि उनके चाचा कृष्णा पटेल का निधन पहले ही हो चुका है और वर्तमान में परिवार में उनकी चाची और उनके दो बच्चे ही हैं। ऐसे में उन्होंने घर की मरम्मत के लिए मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, पटेरा पुलिस ने इस मामले को दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
