इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा शनिवार को प्रदेश के प्रत्येक थाना स्तर पर प्रातःकालीन साइक्लोथॉन आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों का पालन करते हुए देवास जिले में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में साइक्लोथॉन का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से एकता, अनुशासन और राष्ट्रभावना का संदेश प्रसारित किया गया।
देवास शहर में आयोजित साइक्लोथॉन में कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित सभी थाना प्रभारी और पुलिस बल ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह साइक्लोथॉन रैली सयाजी द्वार से प्रारंभ होकर एमजी चौराहा, रामनगर चौराहा, केलादेवी चौराहा, विकास नगर चौराहा, मधु मिलन चौराहा और टाटा चौराहा होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद रैली निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए इंदिरा गांधी चौराहा से यू-टर्न लेकर सिद्धिविनायक परिसर में समाप्त हुई।
इसी तरह जिले के सभी देहात क्षेत्रों में भी एसडीओपी, थाना और चौकी प्रभारियों द्वारा स्थानीय नागरिकों, युवा खिलाड़ियों, नगर रक्षा समिति, ग्राम रक्षा समिति, एनसीसी, एनएसएस, स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों तथा पुलिस स्टाफ की भागीदारी के साथ साइक्लोथॉन आयोजित की गई। इन आयोजनों के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रत्येक थाना क्षेत्र में तय समय के अनुसार साइक्लोथॉन आयोजित हुई। रूट चार्ट पहले से निर्धारित किया गया था, जिससे यातायात को नियंत्रित किया जा सके और संबंधित मार्गों को “नो व्हीकल जोन” घोषित किया गया।
प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। साथ ही पेयजल, ग्लूकोज, फर्स्ट-एड बॉक्स और एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। पूरे कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।