![]()
धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला में शनिवार को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के न्यायाधीश विजय कुमार शुक्ला ने पहुंचकर स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। आगामी 2 अप्रैल को प्रस्तावित महत्वपूर्ण सुनवाई से पहले इस दौरे को खासा अहम माना जा रहा है।
न्यायाधीश दोपहर 1 बजकर 52 मिनट पर सीधे भोजशाला परिसर पहुंचे, जहां उनके साथ कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी भी मौजूद थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने करीब 53 मिनट तक परिसर में रहकर विभिन्न हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने भोजशाला की संरचना, स्तंभों और शिलालेखों को ध्यानपूर्वक देखा। साथ ही उन्होंने स्थल के इतिहास और वास्तुकला से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा किए गए कार्यों और वर्तमान व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
उल्लेखनीय है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा करीब 98 दिनों तक किए गए सर्वे की रिपोर्ट उच्च न्यायालय में पहले ही प्रस्तुत की जा चुकी है। इस रिपोर्ट की प्रतियां सभी पक्षकारों को भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
16 मार्च को इंदौर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने पक्षकारों से उनके दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने को कहा था। उसी समय न्यायाधीश द्वारा स्थल का निरीक्षण करने की बात भी सामने आई थी।
