![]()
इंदौर के तेजाजी नगर इलाके में बायपास रोड पर पुलिस ने मवेशियों की अवैध ढुलाई का मामला पकड़ा है। एक आयशर वाहन में गौवंश को बेहद अमानवीय हालत में ठूंसकर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन चालक और उसके साथी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि रालामंडल के रहने वाले हर्षवर्धन सिंह ने पुलिस को जानकारी दी थी कि एक संदिग्ध वाहन में गौवंश को क्रूर तरीके से भरा गया है। इसके बाद पुलिस ने कैलोद करताल फाटा के पास वाहन को रोका। जब गाड़ी की जांच की गई तो उसमें 7 मवेशियों को बुरी तरह ठूंसकर भरा हुआ पाया गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली और गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली और वाहन को जब्त कर थाने ले गई।
इस मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश गौवंश प्रतिषेध अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
