![]()
मध्य प्रदेश में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में फिर बढ़ोतरी हो गई है। 1 अप्रैल से 19 किलो वाला सिलेंडर सीधे 195 रुपए महंगा कर दिया गया है। इससे पहले करीब 25 दिन पहले घरेलू गैस के दाम भी बढ़े थे। ऐसे में होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पहले से ही दबाव में था, अब नई बढ़ोतरी ने मुश्किल और बढ़ा दी है।
प्रदेश में इस समय हालात ऐसे हैं कि 50 हजार से ज्यादा होटल-रेस्टोरेंट को जरूरत के मुकाबले सिर्फ करीब 9% गैस ही मिल पा रही है। गैस की कमी के कारण कई जगह मेन्यू बदलना पड़ा है और अब दाम बढ़ने से खाने की कीमत बढ़ना भी लगभग तय माना जा रहा है।
बड़े शहरों में नए रेट की बात करें तो भोपाल में कमर्शियल सिलेंडर 2084 रुपए, इंदौर में 2186 रुपए, जबलपुर में 2295 रुपए, ग्वालियर में 2307 रुपए और उज्जैन में 2251 रुपए का हो गया है। वहीं रीवा में सबसे ज्यादा कीमत 2331 रुपए तक पहुंच गई है। कई जिलों में रेट 2300 रुपए या उससे ऊपर चल रहा है।
हालांकि कुछ शहरों में राहत भी है। इंदौर में फिलहाल सबसे सस्ता सिलेंडर मिल रहा है, जहां पहले 2021 रुपए था, अब बढ़कर 2186 रुपए हो गया है। शाजापुर-सीहोर, हरदा, सागर, विदिशा जैसे शहरों में भी रेट अपेक्षाकृत कम हैं। वहीं कई जिलों में कीमत 2200 रुपए से नीचे बनी हुई है।
होटल कारोबारियों का कहना है कि गैस की किल्लत के चलते उन्हें डीजल भट्ठी और इंडक्शन जैसे विकल्प अपनाने पड़ रहे हैं, जिससे खर्च और बढ़ गया है। अब सिलेंडर के दाम बढ़ने से कुल लागत और बढ़ेगी, जिसका असर सीधे खाने की कीमतों पर दिखाई देगा।
रेस्टोरेंट से जुड़े लोगों के मुताबिक पहले गैस एजेंसी की तरफ से कुछ छूट मिल जाती थी, लेकिन अब पूरा पैसा देना पड़ रहा है। नई दरों के बाद एक सिलेंडर पर करीब 450 से 500 रुपए तक अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है, जो आगे चलकर ग्राहकों की जेब पर भी असर डालेगा।
