![]()
सागर के नरयावली क्षेत्र में स्थित सोलर प्लांट में अज्ञात चोरों ने केबल चोरी कर दी। केबल चोरी होने के कारण प्लांट बंद हो गया है और इससे रोजाना 34 हजार रुपए का नुकसान हो रहा है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी अजय पटेरिया, निवासी नरयावली, ने शुक्रवार को थाने में आकर शिकायती आवेदन दिया। पटेरिया ने बताया कि वे नरयावली सोलर प्लांट में ऑपरेटर और गार्ड के पद पर तैनात हैं। 2 अप्रैल की रात को उन्होंने प्लांट चालू करने का प्रयास किया, लेकिन प्लांट चालू नहीं हो पाया।
जाँच के दौरान उन्होंने देखा कि 5 इन्वर्टर की डीसी केबल कट गई थी और अज्ञात चोर इसे काटकर ले गए थे। केबल चोरी के कारण प्लांट चालू नहीं हो सका। अजय पटेरिया ने प्लांट के मालिक आदित्य सिंह राजपूत को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत में बताया गया कि केबल चोरी के कारण प्लांट को लगभग 4.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। प्लांट बंद होने के कारण प्रतिदिन 11 हजार यूनिट बिजली का उत्पादन न होने से लगभग 34 हजार रुपए का रोजाना नुकसान हो रहा है। प्लांट को चालू कराने के लिए इंजीनियर से संपर्क किया गया, जिन्होंने बताया कि प्लांट चालू होने में लगभग 7 दिन का समय लगेगा। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
