आईआईएमसी एलुमनी एसोसिएशन के मध्य प्रदेश चैप्टर का सालाना मिलन समारोह “कनेक्शन्स” भोपाल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ओटीटी सीरीज पंचायत से चर्चित अभिनेता चंदन रॉय को एलुमनी ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। चंदन रॉय आईआईएमसी के पूर्व छात्र रह चुके हैं और पहले पत्रकार के रूप में भी काम कर चुके हैं।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से भारतीय जनसंचार संस्थान के पूर्व विद्यार्थी इस वार्षिक कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल पहुंचे। समारोह की अध्यक्षता एमपी चैप्टर के अध्यक्ष आशीष जोशी ने की। इस दौरान संस्थान के पूर्व महानिदेशक प्रोफेसर संजय द्विवेदी, उपाध्यक्ष दीप्ति चौरसिया, पूर्व अध्यक्ष अनिल सौमित्र, महासचिव मानसी समाधिया, सीनियर एलुमनी दिनेश कुमार, पीके मोहंती और सिद्धार्थ समल सहित कई सदस्य मौजूद थे और उन्होंने अपने विचार साझा किए।
सभी वक्ताओं ने अपनी-अपनी पेशेवर यात्रा और अनुभवों को साझा किया और एक-दूसरे को प्रेरित किया। उन्होंने आईआईएमसी एलुमनी एसोसिएशन के मजबूत और सफल संगठन होने का श्रेय इसके सह-संस्थापक रीतेश वर्मा को दिया।
एलुमनी ऑफ द ईयर अवॉर्ड प्राप्त करते हुए चंदन रॉय ने अपने संबोधन में जीवन संघर्ष का उल्लेख किया और कहा कि “आईआईएमसी मेरे लिए एक अहम कड़ी साबित हुआ, जिसने मेरे अभिनय के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।”
परोक्ष रूप से प्रोफेसर संजय द्विवेदी ने कहा कि “आईआईएमसी के योगदान का उल्लेख किए बिना भारतीय पत्रकारिता का इतिहास अधूरा रहेगा।” वहीं चैप्टर के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर अनिल सौमित्र ने अपने अनुभव साझा करते हुए सभी में उत्साह और प्रेरणा का संचार किया।
कार्यक्रम में अंकित फ्रांसिस, कोमल बडोडेकर, अनंत सिंह समेत कई सक्रिय सदस्य कार्यक्रम का संचालन कर रहे थे। अंत में रोचक किस्सों और अनुभवों की चर्चा के साथ शाम को कार्यक्रम समाप्त हुआ। इसके साथ ही एमपी चैप्टर के सभी सदस्यों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को लगातार निभाने का संकल्प लिया।
