इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित फूटी कोठी शराब दुकान पर पुलिस के एक सिपाही द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले में यह भी आरोप है कि सिपाही के साथ इलाके का एक बदमाश भी मौजूद था।
जानकारी के अनुसार, विवाद शराब की कीमत को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि सिपाही तनमय सिंह तोमर की दुकान कर्मचारियों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर वह काउंटर के अंदर पहुंच गया, जहां कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।
इसी दौरान वहां मौजूद एक एजेंट ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज सिपाही ने एजेंट को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया।
सिपाही ने दी अपनी सफाई
सिपाही तनमय सिंह तोमर का कहना है कि वह शराब दुकान पर विवाद की सूचना मिलने के बाद पहुंचा था। उसके मुताबिक, दुकान पर शराब अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायत को लेकर एजेंट से कहासुनी हुई थी। वीडियो बनाए जाने का उसने विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

दुकान संचालक ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर, शराब दुकान संचालक ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान सिपाही ने पिस्टल दिखाकर धमकाने की कोशिश की। संचालक का यह भी दावा है कि सिपाही के साथ क्षेत्र का बदमाश महेश टोपी भी मौजूद था, जिससे कर्मचारी डर गए।
जांच जारी, अन्य आरोपों की भी होगी पड़ताल
द्वारकापुरी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अनुशासनहीनता सामने आने पर सिपाही तनमय सिंह तोमर को निलंबित कर दिया गया है। पिस्टल दिखाने और बदमाश की मौजूदगी सहित लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।
