![]()
नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में गुरुवार को जिला फाटक के पास एक गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अज्ञात है, लेकिन तेज हवा के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटें फैलते हुए खेत के किनारे खड़े गिट्टी से भरे एक ट्रक तक पहुंच गईं। इस कारण ट्रक भी आग की चपेट में आ गया और उसके टायर तथा डीजल टैंक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। वहीं खेत में खड़ी गेहूं की फसल भी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मौके पर हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की जांच की जा रही है।
