Bhind’s Banke Bihari Ultrasound Centre Sealed Over Dual-State Registration Allegations| भिंड में बांके बिहारी अल्ट्रासाउंड सेंटर सील, एक ही डॉक्टर के नाम पर दो राज्यों में रजिस्ट्रेशन का मामला
![]()
भिंड शहर के हाउसिंग कॉलोनी क्षेत्र में संचालित श्री बांके बिहारी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जिला स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एक ही डॉक्टर के नाम पर दो अलग-अलग राज्यों में अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी कि यह सेंटर डॉक्टर धर्मेंद्र धनखड़ के नाम से चल रहा है। आरोप है कि उनके द्वारा मध्यप्रदेश के भिंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भी अल्ट्रासाउंड सेंटर का पंजीयन कराया गया है। नियमों के अनुसार, एक ही चिकित्सक एक समय में दो अलग-अलग स्थानों पर इस प्रकार का संचालन नहीं कर सकता।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ डॉ. जे.एस. यादव ने डीएचओ डॉ. आलोक शर्मा के नेतृत्व में जांच टीम गठित की। टीम ने मौके पर पहुंचकर सेंटर की जांच की और प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया।
साथ ही सेंटर संचालक को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, डॉक्टर धर्मेंद्र धनखड़ ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके नाम से किसी अन्य स्थान पर कोई अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित नहीं हो रहा है। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
