![]()
सतना के लोगों को पिछले 24 घंटों से जारी भीषण गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम में बदलाव आया। आसमान में बादलों के छा जाने के साथ गरज-चमक हुई और बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, सतना और मैहर जिले के आसमान में एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है। वातावरण में नमी के कारण आंधी और बारिश की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जिले के कोटर और बिरसिंहपुर क्षेत्रों में भी हवा के साथ बूंदाबांदी की खबरें मिली हैं।
मौसम कार्यालय ने पूर्वानुमान जारी किया है कि 5 अप्रैल तक सतना और मैहर जिले के विभिन्न इलाकों में द्रोणिका के प्रभाव से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की बारिश होगी। हालांकि, इसका तापमान पर बहुत अधिक असर नहीं होगा। 5 अप्रैल के बाद जिले में तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है।
बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। गेहूं की फसल, जो कटाई के बाद खलिहानों में रखी गई है, और कई इलाकों में अभी भी खेतों में खड़ी फसल, बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित हो रही है। किसान अपनी उपज बचाने के लिए तिरपाल का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन तेज बारिश होने पर फसल को नुकसान होने का खतरा बना हुआ है।
