![]()
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक चौकीदार पर हमला होने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय मुन्नालाल वंशकार एक मकान के बाहर चौकीदारी कर रहे थे। उसी समय एक महिला उनके पास आई और अपने पति को फोन करने के लिए कहा, क्योंकि सफाई के दौरान एक महिला पहली मंजिल से गिर गई थी। चौकीदार ने अपनी डायरी से नंबर निकालकर महिला के पति गोपाल मंसोरे को फोन किया।
कुछ समय बाद गोपाल मंसोरे मौके पर पहुंचे। उनकी पत्नी ने चौकीदार पर फोन करने में देरी का आरोप लगाया। इस पर नाराज होकर गोपाल ने चौकीदार पर सरिए से हमला किया। साथ ही आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में चौकीदार के सिर, हाथ और कमर में चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, लाडकी नामक महिला एक अन्य महिला के साथ निर्माणाधीन मकान में सफाई का काम कर रही थी। इसी दौरान वह पहली मंजिल से गिर गई। उसके साथ काम कर रही महिला ने चौकीदार से संपर्क कर परिवार को घटना की सूचना देने की कोशिश की थी। लाडकी की मौत के मामले में पुलिस पहले ही लापरवाही के आरोप में बिल्डर के खिलाफ FIR दर्ज कर चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
