VHP Raises Concern Over Illegal Liquor Sales Near Temples in Panna, Warns of Protest|पन्ना में मंदिरों के पास अवैध शराब बिक्री पर विहिप की आपत्ति, आंदोलन की चेतावनी
पन्ना में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला सह मंत्री अभिराज बुंदेला सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार शशिकांत दुबे से मुलाकात कर शहर में हो रही अवैध शराब बिक्री को लेकर शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए इस गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से मंदिरों के आसपास, अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। इसके कारण धार्मिक स्थलों के पास शराब पीने वालों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है, जिससे वहां आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विहिप के अनुसार, नशे की आसान उपलब्धता के चलते युवा वर्ग तेजी से इसकी लत में फंसता जा रहा है। साथ ही शहर में चोरी और आपसी विवाद जैसी घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सामाजिक संस्थानों के कार्यालयों के आसपास भी ऐसी गतिविधियां चल रही हैं, जिस पर पुलिस और आबकारी विभाग को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके ठिकानों पर लगातार कार्रवाई की जाए और छापेमारी की जाए। इसके साथ ही, लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने का सुझाव भी दिया गया है।