![]()
इंदौर के साजन नगर इलाके में शराब दुकान हटने के बाद रहवासियों ने जमकर जश्न मनाया। लंबे समय से चल रहे विरोध में एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा भी खुलकर शामिल थे और अब मांग पूरी होने पर वे खुद लोगों के साथ ढोलक की थाप पर थिरकते नजर आए। मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की गई।
दरअसल, यह शराब दुकान घनी आबादी वाले इलाके में संचालित हो रही थी, जिससे खासकर महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खुले में शराब पीने वालों की वजह से सड़क से निकलना मुश्किल हो जाता था और इलाके का माहौल बिगड़ रहा था।
स्थानीय लोगों और महिलाओं ने कई बार इसकी शिकायत की थी। इसके बाद एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए कलेक्टर और आबकारी विभाग को पत्र लिखकर दुकान हटाने की मांग की थी।
नए वित्तीय वर्ष में आखिरकार प्रशासन ने फैसला लेते हुए इस शराब दुकान को साजन नगर से हटाकर चितावद इलाके में शिफ्ट कर दिया। इसके बाद बुधवार को पुरानी दुकान के बाहर ही जश्न का माहौल बन गया।
आतिशबाजी की गई, मिठाई बांटी गई और बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्र और रहवासी इस जश्न में शामिल हुए। लोगों का कहना है कि अब इलाके में शांति और सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा।
