![]()
मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणामों में देवास जिले की तीन छात्राओं ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इनमें कक्षा 10वीं की दो और कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय की एक छात्रा शामिल हैं। शहर के उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा पलक नामदेव ने कक्षा 10वीं की मेरिट सूची में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 10वां स्थान हासिल किया। उनके पिता टेलर का कार्य करते हैं। पलक का लक्ष्य भविष्य में कलेक्टर बनना है। इसी तरह, भौंरासा गांव की छात्रा राशि माली ने कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय में 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया। उनके पिता गांव में किराना दुकान संचालित करते हैं। राशि प्रतिदिन 10 किलोमीटर की दूरी तय कर स्कूल जाती थीं। वहीं, विजयागंज मंडी के एक निजी विद्यालय की छात्रा अक्षरा शिंदे ने कक्षा 10वीं में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश स्तर पर 9वां स्थान प्राप्त किया। बांसखेड़ी गांव की रहने वाली अक्षरा के पिता किसान हैं। जिले के परीक्षा परिणामों की बात करें तो कक्षा 10वीं में सरकारी स्कूलों का परिणाम 69.38 प्रतिशत रहा, जबकि निजी स्कूलों का परिणाम 71 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं कक्षा 12वीं में सरकारी स्कूलों का परिणाम 72.85 प्रतिशत और निजी स्कूलों का 70.82 प्रतिशत रहा। परिणाम घोषित होते ही छात्राओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल देखा गया। पलक नामदेव अपनी मां के साथ स्कूल पहुंचीं, जहां खुशी के कारण उनकी आंखों से आंसू निकल आए। विभिन्न स्कूलों में मेधावी छात्राओं का सम्मान किया गया। साथ ही कलेक्टर ने भी इन छात्राओं को कार्यालय में बुलाकर बधाई दी।
