माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा बुधवार को कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इस वर्ष सागर जिले के लगभग 14 विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। इनमें रहली की सुप्रिया जैन ने 7वां स्थान हासिल किया, जबकि ईश्वरवारा के रविंद्र पटेल ने 9वीं रैंक प्राप्त की। जिले के परिणामों की बात करें तो कक्षा 10वीं में सरकारी स्कूलों का परिणाम 76.58 प्रतिशत रहा, जबकि निजी स्कूलों में 34.90 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। रहली निवासी सुप्रिया जैन, जो विद्या भारती सरस्वती शिशु मंदिर की छात्रा हैं, उन्होंने 98.06 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल जिले में पहला स्थान हासिल किया, बल्कि प्रदेश की मेरिट सूची में 7वीं रैंक भी प्राप्त की। सुप्रिया ने बताया कि उन्हें इतने अधिक अंक आने की उम्मीद नहीं थी, हालांकि उनके पिता सुमित जैन को उन पर पूरा विश्वास था। उन्होंने नियमित रूप से पढ़ाई की और दिनचर्या में स्कूल के 6 घंटे, कोचिंग के 3 घंटे और घर पर अतिरिक्त अध्ययन शामिल था। पढ़ाई के प्रति समर्पण का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान अपना जन्मदिन भी नहीं मनाया। सुप्रिया का लक्ष्य आगे भी बेहतर प्रदर्शन करना है और वे कक्षा 12वीं में 99 प्रतिशत से अधिक अंक लाना चाहती हैं। भविष्य में वह आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं। वहीं, सागर जिले के ग्राम ईश्वरवारा स्थित हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र रविंद्र पटेल ने भी प्रदेश की मेरिट सूची में 9वां स्थान हासिल किया है। रविंद्र के पिता किसान हैं और उनके परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। वह अपने परिवार के सबसे छोटे सदस्य हैं। रविंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों को दिया है। उनके अनुसार, शिक्षकों ने समय-समय पर मार्गदर्शन और पढ़ाई से जुड़ी जरूरी जानकारी दी, जिससे उन्हें यह उपलब्धि हासिल करने में मदद मिली। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन उनकी सफलता का मुख्य कारण रहा। रविंद्र का लक्ष्य आईआईटी की परीक्षा उत्तीर्ण कर इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर बनना है। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल परिवार और गांव के लोगों ने खुशी जताई है।
