![]()
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए गए। इस वर्ष रायसेन जिले के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टॉप-10 सूची में कुल 5 स्थान हासिल किए। इनमें से 4 छात्र 10वीं कक्षा से और 1 छात्र 12वीं कक्षा से शामिल है। जिले के इस प्रदर्शन पर जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस साल रायसेन जिले का 12वीं कक्षा का परिणाम 82.35 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 74.3 प्रतिशत की तुलना में 8.05 प्रतिशत अधिक है। वहीं, 10वीं कक्षा का परिणाम 75.94 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 71.61 प्रतिशत से 4.33 प्रतिशत ज्यादा है। प्रदेश स्तर पर रायसेन जिले ने 12वीं कक्षा में 24वां स्थान और 10वीं में 15वां स्थान प्राप्त किया। वहीं, भोपाल संभाग में जिले ने 10वीं और 12वीं दोनों परीक्षाओं में दूसरा स्थान हासिल किया। कक्षा 10वीं की मेरिट सूची में जिले के चार विद्यार्थियों ने जगह बनाई। बरेली के अक्षत धाकड़ ने 494 अंक प्राप्त कर 6ठा स्थान हासिल किया। इसके अलावा सिद्धि चौरसिया, शिव रघुवंशी और पूर्णिमा बघेल ने 491 अंक के साथ संयुक्त रूप से 9वां स्थान प्राप्त किया। पूर्णिमा बघेल, जो नरवर हाई स्कूल की छात्रा हैं, उनके पिता मलखान सिंह खेती का कार्य करते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी डी.डी. रजक के अनुसार, पिछले दो वर्षों से रायसेन जिले का परीक्षा परिणाम लगातार बेहतर होता जा रहा है। कक्षा 10वीं की प्रदेश मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों का विवरण इस प्रकार है:
अक्षत धाकड़ (पिता: प्रदीप धाकड़) – अशासकीय सिम्पल आर.के. एजुकेशन हायर सेकेंडरी स्कूल, बरेली (प्राप्तांक: 494, स्थान: 6ठा) सिद्धि चौरसिया (पिता: संजीव कुमार चौरसिया) – अभिनव गरिमा विद्या निकेतन उमावि, देवरी (प्राप्तांक: 491, स्थान: 9वां) शिव रघुवंशी (पिता: प्रकाश रघुवंशी) – अशासकीय दीप विद्या निकेतन उमावि, मंडीदीप (प्राप्तांक: 491, स्थान: 9वां) पूर्णिमा बघेल (पिता: मलखान सिंह) – शासकीय हाईस्कूल, नरवर (प्राप्तांक: 491, स्थान: 9वां)
