![]()
नीमच में बुधवार दोपहर कमल अग्रसेन भवन में रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा वार्षिक उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों को सम्मानित किया गया और उनसे जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने पेंशनरों के हितों, उनके योगदान और जीवनभर के संघर्षों पर अपने विचार व्यक्त किए।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथियों में भाजपा पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष पवन पाटीदार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शोभना मीणा, जिला विधिक सेवा अधिकारी प्रविंद पूनिया तथा रेलवे चिकित्सा अधिकारी रंजना सिंहल प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। इनके साथ सत्यवान मेहरा, सुभाष कावड़े, केएल गोसर, दिनेश पुरोहित, श्रीकांत शर्मा, सत्यनारायण सेठी, वीरेंद्र शंकर उपाध्याय, कैलाशचंद्र व्यास और जगमोहन कटारिया भी मंच पर अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पमालाओं के साथ किया गया।
एसोसिएशन की ओर से रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल, श्रीफल और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पेंशन से जुड़ी व्यावहारिक और तकनीकी दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन पेंशनरों के हितों की रक्षा करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहेगा। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन हेमलता धाकड़ ने किया और अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ।
