![]()
शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने जोन 18, 22, 10, 13 और 15 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर कचरा और गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर कमिश्नर ने संबंधित एजेंसियों पर आर्थिक दंड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जोन 18 के तीन इमली बस स्टैंड और तीन इमली ब्रिज के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया, जहां सफाई की स्थिति खराब मिली। बस स्टैंड के पास स्थित पब्लिक टॉयलेट में गंदगी पाए जाने पर केयरटेकर को फटकार लगाई गई और संबंधित एजेंसी पर 10 हजार रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा दुकानदारों को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान जोनल अधिकारी अतीक खान ने डस्टबिन नहीं रखने वाली दो दुकानों पर 1-1 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया। निरीक्षण के दौरान वार्ड 64 में स्थित आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के गेट पर गंदगी मिलने और जोन 15 के वार्ड 83 में गोंदवले धाम से चंदन नगर तिराहे तक ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में कचरा पाए जाने पर संबंधित दरोगाओं की एक-एक दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही चोइथराम सब्जी मंडी क्षेत्र और ग्रीन बेल्ट में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक देवेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा संबंधित दरोगा की एक दिन की सैलरी काटने के आदेश दिए गए। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
