![]()
![]()
खरगोन जिले में ग्राम रोजगार सहायकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय पर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। सहायकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे 1 मई से कलमबंद हड़ताल पर चले जाएंगे। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे 250 से अधिक ग्राम रोजगार सहायक नवग्रह मंदिर परिसर में एकत्र हुए। यहां उन्होंने सभा आयोजित कर अपनी समस्याएं रखीं और बाद में नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। रोजगार सहायकों ने बताया कि उन्हें पिछले पांच महीनों से मनरेगा के तहत मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है और परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। सहायकों ने यह भी मांग की कि ऑनलाइन कार्यों के लिए उन्हें लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराए जाएं, साथ ही इंटरनेट खर्च के लिए प्रतिमाह 1000 रुपये दिए जाएं ताकि सरकारी योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। रोजगार सहायक संघ के जिलाध्यक्ष विजय शाक्य ने बताया कि स्थानांतरण नीति लागू करने की भी मांग की गई है, जिससे कार्य में अधिक सुविधा मिल सके। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो 1 मई से पूरे जिले में कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।