![]()
देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान यात्रियों की संख्या में नया रिकॉर्ड दर्ज किया है। इस अवधि में कुल 44 लाख 57 हजार 659 यात्रियों ने हवाई यात्रा की, जबकि 32 हजार 575 उड़ानों का संचालन किया गया। यह अब तक का सबसे उच्च आंकड़ा माना जा रहा है।
पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार करीब 4 लाख यात्रियों की वृद्धि दर्ज की गई है। पहले जहां यात्रियों की संख्या लगभग 40 लाख थी, वहीं अब यह बढ़कर 44.57 लाख तक पहुंच गई है। एयरपोर्ट प्रबंधन को उम्मीद है कि चालू वित्तीय वर्ष में यह आंकड़ा 50 लाख के पार जा सकता है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार के अनुसार, अब एयरपोर्ट फिर से 24 घंटे के लिए संचालित हो रहा है। इससे नई एयरलाइंस को संचालन का अवसर मिलेगा और रात के समय भी उड़ानें शुरू हो सकेंगी, जिससे यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
गौरतलब है कि नवंबर 2024 से रनवे के रीकार्पेटिंग कार्य के चलते एयरपोर्ट रात 10:30 बजे से सुबह 6:30 बजे तक बंद रखा जाता था। इस वजह से रोजाना केवल 16 घंटे ही उड़ानों का संचालन संभव था। इसके बावजूद यात्रियों और उड़ानों की संख्या में रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एयरपोर्ट के प्रवक्ता रामस्वरूप यादव ने जानकारी दी कि मार्च माह में 2,815 उड़ानों के माध्यम से 3.82 लाख यात्रियों ने सफर किया। यह आंकड़ा फरवरी की तुलना में अधिक रहा, जिसमें 173 अतिरिक्त उड़ानें और लगभग 11 हजार ज्यादा यात्री शामिल हुए। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान नवंबर 2025 में सबसे अधिक 4.23 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जो पूरे वर्ष का सर्वाधिक व्यस्त महीना रहा।
