प्रदेशभर में इन सम्मेलनों की शुरुआत कल से की जा रही है। इन आयोजनों के माध्यम से आम जनता को आम आदमी पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराया जाएगा। पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार, इन सम्मेलनों में आने वाले चुनावों को लेकर भी चर्चा की जाएगी और ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की रणनीति तैयार की जाएगी।
पार्टी का ध्यान आगामी चुनावों पर केंद्रित है, क्योंकि अगले वर्ष नगर निगम चुनाव होने हैं और इसके बाद प्रदेश में लगातार तीन वर्षों तक चुनावी प्रक्रिया जारी रहेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह रणनीति बनाई गई है। संगठनात्मक दृष्टि से पूरे मध्यप्रदेश को 13 जोन में विभाजित किया गया है।
भोपाल में आयोजित हालिया सम्मेलन में आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश की नई कार्यकारिणी की बैठक भी हुई। इस दौरान प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में केजरीवाल मॉडल को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और तय समयसीमा के भीतर उन्हें पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने पद का निर्वहन करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू के रूप में जनता के सामने प्रस्तुत करना जरूरी है। उनके अनुसार प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और विभिन्न घोटाले सामने आ रहे हैं, जिन्हें लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है।
इंदौर में होने वाले 19 अप्रैल के सम्मेलन में प्रदेश के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। भोपाल में आयोजित सम्मेलन में भी प्रदेशभर के आप नेता उपस्थित रहे थे, साथ ही दिल्ली से आए 15 सहप्रभारी भी इसमें शामिल हुए थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इंदौर सम्मेलन में दिल्ली से किसी बड़े नेता को बुलाने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा, यह भी संकेत मिले हैं कि इंदौर का यह सम्मेलन बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।