![]()
ग्वालियर में इंस्टाकार्ट डिलीवरी कंपनी में कार्यरत एक डिलीवरी बॉय के लापता होने का मामला सामने आया है, साथ ही पार्सल में हेराफेरी का गंभीर आरोप भी लगा है। जानकारी के अनुसार, डिलीवरी बॉय रोज की तरह सुबह 28 पार्सल लेकर डिलीवरी के लिए निकला था, लेकिन शाम तक वह वापस नहीं लौटा।
तलाशी के दौरान उसका डिलीवरी बैग और शिपमेंट कंपनी के ऑफिस में मिला। ऑनलाइन ट्रैकिंग से पता चला कि उसने दोपहर तक 16 पार्सल डिलीवर कर दिए थे। बैग की जांच में 5 पार्सल सुरक्षित मिले, जबकि 7 पार्सल, जिनमें एप्पल कंपनी के मोबाइल रखे थे, उनमें मोबाइल की जगह पत्थर पाए गए।
यह घटना 21 जनवरी 2026 को गोविंदपुरी रोड स्थित सिल्वर इस्टेट कंपनी के ऑफिस की बताई जा रही है। मामले की शिकायत टीम लीडर द्वारा क्राइम ब्रांच में की गई, जिसके बाद जांच के बाद 16 अप्रैल को केस दर्ज किया गया।
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि एक डिलीवरी कंपनी का कर्मचारी लापता है और जिन पार्सल में एप्पल मोबाइल होने थे, उनमें पत्थर मिले हैं। आरोपी की तलाश जारी है।
कंपनी के ऑफिसर राजकुमार शर्मा, जो डीडी नगर चावला मार्केट जीएच-711 निवासी हैं, ने बताया कि गिरवाई अजयपुर पटियावाला मोहल्ला निवासी ध्रुव सेम 21 जनवरी सुबह करीब 8 बजे 28 पार्सल लेकर निकला था। शाम को वापस नहीं आने पर जांच की गई, तो पता चला कि वह ऑफिस में अपना बैग और शिपमेंट छोड़कर गायब हो गया था। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था।
जांच में सामने आया कि 28 में से 16 पार्सल डिलीवर किए गए थे, 5 पार्सल सुरक्षित मिले, जबकि 7 पार्सल में मोबाइल की जगह पत्थर रखे पाए गए। कंपनी का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से धोखाधड़ी का मामला है। कंपनी के अनुसार आरोपी डिलीवरी बॉय लगभग ढाई महीने से लापता है। पहले भी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अब मामले में जांच शुरू कर दी है।
