![]()
नरसिंहपुर के गाडरवारा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक अनियंत्रित डंपर कामती गांव के एक घर में जा घुसा। इस हादसे में 50 साल के भोजराज, पिता ओमकार कौरव, की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में मौजूद चार लोग डंपर की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा डंपर चालक की लापरवाही के कारण हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था। हादसे में एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। कुल चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और स्टेट हाईवे-22 पर चक्का जाम कर दिया। थाना प्रभारी अशोक चौहान की समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह स्थल पहले से ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया था। करीब डेढ़ माह पहले, 15 फरवरी को कलेक्टर रजनी सिंह ने इस स्थान का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क में अंधे मोड़ और खामियों को देखते हुए सुधार कार्य, संकेतक बोर्ड लगाने और सड़क समतलीकरण के निर्देश दिए थे।
मुआवजे का आश्वासन देकर शांत हुए ग्रामीण
थाना प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि मृतक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम करने का प्रयास किया था। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को सुना और आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है और डंपर को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
