Crop Damage Due to Rain and Hailstorm in Nainpur; Officials Directed to Submit Report Within 48 Hours|नैनपुर में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, अधिकारियों को 48 घंटे में रिपोर्ट देने के निर्देश
मंडला जिले की नैनपुर तहसील में बुधवार शाम हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई गांवों में किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। धतूरा, बोरी पीपरडाही, बीजेगांव, अलीपुर और जामगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में फसल प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए गुरुवार को कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने गांवों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ एडीएम राजेंद्र सिंह, नैनपुर एसडीएम आशुतोष ठाकुर और राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही। मंत्री ने खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।
दौरे के दौरान मंत्री संपतिया उइके ने किसानों को भरोसा दिलाया कि फसलों के नुकसान का पारदर्शी तरीके से सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सर्वे में किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
नैनपुर एसडीएम आशुतोष ठाकुर के अनुसार, नुकसान के आकलन के लिए राजस्व, कृषि और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बनाई गई है। यह टीम 48 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार किसानों को राहत प्रदान की जाएगी।