Burhanpur Mandi Launches ₹1.5 Crore Modern Plant: Grading and Cleaning Facility to Improve Crop Quality|बुरहानपुर मंडी में 1.5 करोड़ के आधुनिक प्लांट का शुभारंभ: ग्रेडिंग-क्लीनिंग से उपज की गुणवत्ता सुधरेगी, आरओ प्लांट और आदर्श मंडी बनाने का लक्ष्य
![]()
बुरहानपुर में शुक्रवार दोपहर रेणुका माता रोड स्थित कृषि उपज मंडी का निरीक्षण विधायक अर्चना चिटनिस द्वारा किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित किए जाने वाले आधुनिक ग्रेडिंग-क्लीनिंग प्लांट के कार्य का शुभारंभ किया गया। इस पहल को क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।
विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि यह आधुनिक ग्रेडिंग-क्लीनिंग प्लांट किसानों की उपज की गुणवत्ता सुधारने, उन्हें बेहतर बाजार मूल्य दिलाने तथा कृषि व्यापार को अधिक पारदर्शी और संगठित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक तकनीक से युक्त इस प्लांट में फसलों की सफाई, ग्रेडिंग और रंग के आधार पर छंटाई तेज, सटीक और वैज्ञानिक तरीके से की जा सकेगी।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि इस प्लांट में फोटो सेंसर और हाई स्पीड कैमरों जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे खराब, क्षतिग्रस्त और कम गुणवत्ता वाले दानों को अलग किया जा सकेगा। इससे गेहूं, चना, दलहन, मूंग, मूंगफली सहित अन्य फसलों की गुणवत्ता में सुधार होगा और उनकी पहुंच राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक आसान होगी। विधायक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए प्रयासरत हैं।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने किसानों और व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा चना खरीदी केंद्र का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने किसानों, व्यापारियों और आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल हेतु 20 लाख रुपए की लागत से आरओ प्लांट की स्वीकृति दी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नई और पुरानी कपास मंडी प्रांगण को आदर्श मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा और इसके लिए अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, मंडी बोर्ड ई शैलेंद्र सिंह ठाकुर, कृषि समिति अध्यक्ष किशोर पाटिल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
