![]()
![]()
इंदौर में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जा रही ठगी के एक गिरोह का चंदन नगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महंगे एप्पल प्रोडक्ट मंगवाकर उन्हें बदल देते थे और फिर नकली सामान कंपनी को वापस भेज देते थे, जिससे करीब 14 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने वर्चुअल नंबर और फर्जी प्रोफाइल बनाकर अमेजन से ऑर्डर किए। डिलीवरी के दौरान असली प्रोडक्ट जैसे iPod और पेंसिल निकाल लिए जाते थे और उनकी जगह नकली सामान पैक कर दिया जाता था। इसके बाद ऑर्डर को रिटर्न दिखाकर कंपनी को वापस भेज दिया जाता था।
इस मामले में डिलीवरी पार्टनर कंपनी से जुड़े कर्मचारी दीपक मोहेर और प्रवीण सिंह की भूमिका भी सामने आई है, जिन्होंने गिरोह के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम दिया। जांच के दौरान पुलिस ने दीपक मोहेर को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूछताछ में मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता का नाम सामने आया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी असली प्रोडक्ट को बस के जरिए जयपुर भेजते थे, जहां से मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता उन्हें दिल्ली के करोल बाग में बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था।