![]()
धार शहर की चाणक्यपुरी कॉलोनी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पालतू कुत्ते को वाहन से कुचल दिया गया और विरोध करने पर उसके मालिक के साथ मारपीट की गई। नौगांव थाना पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक 29 मार्च को कॉलोनी की सड़क पर बैठे कुत्ते को एक स्कॉर्पियो चालक ने कथित तौर पर जानबूझकर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना के अगले दिन 30 मार्च को कुत्ते का मालिक विशाल बोरासी आरोपियों से बात करने उनके घर पहुंचा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। मारपीट के दौरान विशाल ने वीडियो भी बनाया, जिसमें वह मदद मांगता नजर आ रहा है।
पुलिस ने इस मामले में जनार्दन वैष्णव, पंकज वैष्णव, रेखा वैष्णव और बालचंद के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर मारपीट के साथ-साथ जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में एससी-एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
