![]()
मैहर जिले के शासकीय आईटीआई परिसर में आयोजित रोजगार मेले के दौरान 41 युवाओं का चयन विभिन्न कंपनियों में किया गया। इस रोजगार मेले में कुल 52 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीयन कराया था, जिनमें से योग्य अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के बाद रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। इस आयोजन में देश, प्रदेश और जिले की कुल 7 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कंपनियों द्वारा 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, डिग्री और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए और उनकी योग्यता के आधार पर चयन किया गया।
इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें अन्य शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। यह रोजगार मेला प्रत्येक माह के तीसरे गुरुवार को जिले के अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किया जाता है। रोजगार मेला अधिकारी अखिलेश सिंह के अनुसार, इस तरह के आयोजनों से युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, वहीं स्थानीय उद्योगों को भी प्रशिक्षित और कुशल श्रमिक उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
