इन आयोजनों की योजना गुरुवार को परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजित संगठनात्मक बैठक में बनाई गई। बैठक में जिला प्रभारी क्षितिज भट्ट, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक अर्चना चिटनिस, जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, महापौर माधुरी पटेल, पूर्व विधायक सुमित्रा कास्डेकर, महामंत्री चिंतामन महाजन, ईश्वर चौहान और संजय जाधव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रभारी क्षितिज भट्ट ने जानकारी दी कि 5, 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 50-50 गांवों में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनसंपर्क करेंगे और वहां पार्टी का ध्वज लगाएंगे। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को प्रदेश के 18 जिलों में भाजपा कार्यालयों के भूमिपूजन के साथ बुरहानपुर में भी नए कार्यालय का भूमिपूजन किया जाएगा।
भट्ट ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ध्वजारोहण के बाद उसकी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करें। इसके अलावा मंडल प्रशिक्षण वर्ग के दौरान भाजपा सरकार के विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाने की बात भी कही गई, ताकि आम लोगों को इन कार्यों की जानकारी मिल सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने बताया कि स्थापना दिवस के कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 25-25 कार्यकर्ताओं की टीम गठित की जाएगी, जो आतिशबाजी, मिठाई वितरण और जनसंघ से भाजपा तक के सफर की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर के भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित हैं और नेताओं को इस स्तर तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस दौरान पूर्व महापौर अतुल पटेल, अनिल भोंसले, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप श्रॉफ सहित कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन चिंतामन महाजन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन ईश्वर चौहान द्वारा किया गया।