![]()
![]()
जबलपुर में लाड़ली पथ पर प्रस्तावित नई शराब दुकान को लेकर आधी रात जमकर हंगामा हो गया। 1 अप्रैल से नए वित्तीय साल के साथ दुकानों की शिफ्टिंग शुरू हुई, लेकिन मदन महल लिंक रोड पर दुकान खोलने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भड़क गए और मौके पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि पुरानी शराब दुकान को करीब आधा किलोमीटर दूर एक ऐसी जगह शिफ्ट किया जा रहा था, जहां पहले कोचिंग सेंटर चलता था। देर रात करीब 12 बजे जैसे ही लोगों को इसकी भनक लगी, बड़ी संख्या में रहवासी वहां जुट गए और कर्मचारियों को खदेड़ दिया।
गुस्साए लोगों का कहना था कि जिस सड़क को हाल ही में ‘लाड़ली पथ’ के रूप में विकसित करने की बात कही गई, वहीं अब शराब दुकान खोलना इलाके के माहौल को खराब करेगा। लोगों ने आरोप लगाया कि इस फैसले से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर असर पड़ेगा और इलाके की छवि भी खराब होगी।
विरोध बढ़ता देख पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और फिलहाल दुकान को सील कर दिया गया है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आगे क्या फैसला होगा, यह कलेक्टर के निर्देश के बाद तय किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने साफ कर दिया है कि वे किसी भी हाल में यहां शराब दुकान नहीं खुलने देंगे।