![]()
![]()
सीधी जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची सोन घड़ियाल विभाग की टीम पर माफियाओं ने हमला कर दिया। सिहावल क्षेत्र के सोन नदी स्थित खुटेली घाट पर मंगलवार देर रात यह घटना हुई, जहां टीम को बंधक बनाकर पीटा गया और आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक रात करीब 3 बजे अवैध उत्खनन की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। वहां रेत खनन चल रहा था। अधिकारियों को देखते ही कुछ लोग ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए, लेकिन थोड़ी देर बाद माफिया दोबारा लौट आए।
बताया जा रहा है कि माफियाओं ने टीम को चारों तरफ से घेर लिया और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे मामले की गंभीरता साफ नजर आ रही है।
हमले के बाद आरोपी मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। बहरी थाने में नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में अवैध खनन को लेकर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।