![]()
![]()
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के भस्म आरती पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। मंदिर के कपाट खुलते ही सबसे पहले वीरभद्र जी का स्मरण कर स्वस्ति वाचन किया गया और आज्ञा लेकर चांदी द्वार खोला गया।
इसके बाद गर्भगृह में भगवान महाकाल का श्रृंगार उतारकर पंचामृत से पूजन किया गया। पूजन के बाद कर्पूर आरती उतारी गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्ति के माहौल से गूंज उठा।
आरती के बाद बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। उन्हें भांग, चंदन, सिंदूर और आभूषणों से सुसज्जित कर आकर्षक दिव्य स्वरूप दिया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
भस्म आरती के दौरान महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
तड़के सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और हर कोई बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लेने को आतुर नजर आया।