![]()
आगर मालवा ने शनिवार को नलखेड़ा स्थित प्रशिक्षण केंद्र में हज यात्रा पर जाने वाले 57 हाजियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला हज कमेटी के अध्यक्ष जफर खान ने किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार द्वारा नियुक्त अनुभवी प्रशिक्षकों ने हाजियों को हज यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण नियम, दिशा-निर्देश और आवश्यक जानकारी प्रदान की। जिला अध्यक्ष जफर खान ने सभी हाजियों का स्वागत करते हुए उन्हें सुरक्षित और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
प्रशिक्षण सत्र में हाजियों को हज यात्रा की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। इसमें एहराम पहनने, तवाफ, सई, अराफात में वकूफ और जमरात जैसे धार्मिक अनुष्ठानों का तरीका बताया गया। साथ ही, यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, आवश्यक दवाओं के इस्तेमाल, सऊदी अरब के नियम-कानून, अनुशासन और स्थानीय व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई।
पासपोर्ट, वीजा, टिकट और अन्य दस्तावेजों की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया। हाजियों को समूह में रहने, मार्गदर्शन का पालन करने, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों में सहायता लेने के तरीकों के बारे में भी बताया गया। यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, धैर्य दिखाने और आपसी सहयोग बनाए रखने की सलाह भी दी गई। कार्यक्रम में नलखेड़ा शहर कमेटी के सदर अब्दुल जलील मार, पख्तून पठान कमेटी के सदर करीम लाला और समाजसेवी अब्दुल वहीद ने जिला अध्यक्ष जफर खान और बाहर से आए हज प्रशिक्षकों का स्वागत किया।
