![]()
शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने एक चलते ट्रक की तिरपाल काटकर उसमें रखा रिफाइंड सोयाबीन तेल के छह जार चोरी कर लिए। चोरी का अनुमानित मूल्य लगभग 16,110 रुपए बताया जा रहा है।
फरियादी इंदर सिंह, निवासी ग्राम करवाखेड़ी (रतलाम), ट्रक चालक हैं। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को वह देवास स्थित कृति सोया कंपनी से अपने टाटा 1112 ट्रक (एमपी 43 जेड 2271) में रिफाइंड सोयाबीन तेल के जार और बकेट लोड कर ताल की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे माल भरने के बाद वे रवाना हुए।
लगभग 2:15 बजे जब उनका ट्रक मक्सी बायपास के सिरोलिया कट प्वाइंट के पास पहुंचा, तो पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक चालक ने इशारा किया कि ट्रक की तिरपाल में कट लग गई है और अंदर का माल दिखाई नहीं दे रहा।
इंदर सिंह ने तुरंत वाहन रोककर जांच की और पाया कि 15 किलो वाले रिफाइंड सोयाबीन तेल के 6 जार गायब थे। अज्ञात चोरों ने देवास से मक्सी बायपास तक चलते ट्रक की तिरपाल को काटकर यह वारदात की।
चालक ने घटना की जानकारी अपने मालिक निर्मल कुमार जैन को दी और इसके बाद मक्सी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है। मामले की जांच अभी भी चल रही है।
