उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में तैनात एक नायब तहसीलदार के खिलाफ शादी का झांसा देकर कथित यौन उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। महिला की मौत के करीब पांच महीने बाद उसकी मां की शिकायत पर मीरगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी अधिकारी ने विवाह का वादा कर महिला से संबंध बनाए और बाद में उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोप यह भी है कि उस पर अन्य लोगों से संबंध बनाने का दबाव डाला गया, जिससे परेशान होकर महिला ने आत्महत्या कर ली।
मां ने क्या आरोप लगाए
महिला की मां के अनुसार, उनकी बेटी की शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसकी एक 10 वर्षीय बेटी भी है। पति के बाहर नौकरी करने के दौरान वह 2024 में अपनी बच्ची के साथ सुल्तानपुर रहने लगी, जहां उसकी मुलाकात राजस्व विभाग में कार्यरत विवेक श्रीवास्तव से हुई।
शिकायत के मुताबिक, दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर महिला को अपने साथ रिश्ते में रहने के लिए राजी किया। बाद में उसने महिला को पति से तलाक लेने के लिए भी प्रेरित किया।

प्रताड़ना और ब्लैकमेल के आरोप
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि नायब तहसीलदार बनने के बाद आरोपी का तबादला जौनपुर हो गया, लेकिन महिला उससे मिलने आती रही। कुछ समय बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया।
शिकायत के अनुसार, महिला को घूमाने के बहाने ले जाकर उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए। मां का आरोप है कि आरोपी महिला पर अपने कुछ सहयोगियों से संबंध बनाने का दबाव डालता था। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
परिजनों का कहना है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के चलते महिला ने 9 मार्च 2026 को अपने मायके में आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शुरू की जांच
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि केराकत तहसील में तैनात नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच मीरगंज थाना प्रभारी को सौंपी गई है।
वहीं, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा ने कहा कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
