जबलपुर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने डॉक्टर का लोगो लगी एक कार से करीब 20 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्यप्रदेश पहुंचा था और जबलपुर होते हुए आगे सप्लाई के लिए जा रहा था। पुलिस को देखते ही चालक कार लेकर भाग निकला, लेकिन बारिश और अपरिचित रास्तों के कारण वह जंगल की ओर भटक गया। बाद में अंधेरे का फायदा उठाकर कार छोड़कर फरार हो गया।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर सीएसपी सतीश कुमार साहू के नेतृत्व में खमरिया थाना पुलिस शुक्रवार रात अमझर घाटी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में बड़ी मात्रा में गांजा शहर में लाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर जंगल की ओर मोड़ दिया।

कीचड़ में फंसी कार से मिली गांजे की खेप
बारिश के कारण रास्ता खराब होने से कार आगे नहीं बढ़ सकी। पुलिस ने पीछा कर वाहन को बरामद किया, लेकिन चालक मौके से फरार हो चुका था।
तलाशी के दौरान कार से 2-2 किलो के 10 पैकेट मिले। वजन करने पर इनमें कुल 20 किलो गांजा निकला। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 5.12 लाख रुपये बताई है।
डॉक्टर का लोगो लगाकर कर रहा था सफर
पुलिस के अनुसार जब्त कार का नंबर CG-04-HB-6745 है और उसके शीशे पर डॉक्टर का लोगो लगा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से लाई जा रही थी और छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश में प्रवेश किया गया था।
पुलिस अब वाहन के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है।
भागते समय जानवर को भी मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, फरार होने के दौरान चालक ने सड़क पर बैठे एक जानवर को भी टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों ने भी कार का पीछा किया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तस्कर की तलाश तेज कर दी है।
