इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शनिवार को विरोध प्रदर्शन हुआ। कांवड़ यात्रा के दौरान अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु चंदन नगर थाने पहुंचे और मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि कथित टिप्पणी से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
पुलिस बोली- वीडियो की जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसीपी शिवेंद्र जोशी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ लोग शिकायत लेकर चंदन नगर थाने पहुंचे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दूसरे धर्म के एक धार्मिक वक्ता ने हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के साथ एक वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि वीडियो कहां का है, कब का है और उसमें दिखाई दे रहा व्यक्ति कौन है। जांच पूरी होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

‘एफआईआर और गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन होगा’
अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने आरोप लगाया कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने अपने कथित भाषण में भगवान भोलेनाथ (महाकाल) के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है।
उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर नितिन दास महाराज के सानिध्य में कांवड़ियों ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिसके बाद कांवड़ यात्रा आगे बढ़ाई गई।
मनोज परमार ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले सोमवार को करीब 5 हजार कांवड़ियों की यात्रा निकाली जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर थाना या पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
