![]()
शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में अपनी गर्लफ्रेंड को भगाकर ले जाने की कोशिश करने पहुंचे एक युवक की परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे युवक का शव गांव के पास एक नाले में मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रन्नौद थाना क्षेत्र के नेगमा गांव निवासी 26 वर्षीय अर्जुन पाल का कोलारस की 20 वर्षीय युवती के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के परिवार इस रिश्ते के बारे में जानते थे, लेकिन अलग-अलग समाज के होने के कारण लड़की के परिजन इस संबंध के खिलाफ थे और शादी के लिए तैयार नहीं थे।
बताया जा रहा है कि युवती अर्जुन से शादी करना चाहती थी, जबकि परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। सोमवार को उसकी सगाई होने वाली थी। इस बात की जानकारी युवती ने फोन पर अर्जुन को दी थी, जिसके बाद दोनों ने घर से भागने की योजना बनाई।
योजना के तहत अर्जुन रविवार देर शाम कोलारस पहुंचा और अपने रिश्तेदार कल्ला पाल से मदद ली, जो वहां एक फार्म हाउस पर रहकर खेती करता है। रात करीब 1 बजे अर्जुन और कल्ला, युवती के घर के पास खेत और हाईवे किनारे पहुंचे, जहां युवती को आना था।
लेकिन इस योजना की भनक युवती के परिजनों को लग गई। युवती के पहुंचने से पहले ही उसके परिजन मौके पर पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया। परिजनों ने कल्ला पाल के साथ मारपीट कर उसे धमकाया, जिसके बाद वह किसी तरह वहां से भाग निकला। वहीं अर्जुन को पकड़कर परिजन अपने घर ले गए।
घर में अर्जुन को बंधक बनाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। लगातार पिटाई के चलते उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से खेत से करीब 100 मीटर दूर एक नाले में फेंक दिया।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की, जिसमें मृतक अर्जुन पाल निकला। बताया गया है कि सुबह युवती का दादा स्वयं थाने पहुंचा और अर्जुन के साथ मारपीट की जानकारी दी।
कल्ला पाल की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के अनुसार, युवती के पिता, दादा और तीन अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
