![]()
शिवपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र – बुधवार शाम सिंहनिवास गांव के पास हुए सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक गंभीर हालत में है और उसे आगे के उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। मृतक के परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग स्टाफ पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम गुरुवार दोपहर को कराया।
सूत्रों के अनुसार, परीक्षा गांव के 32 वर्षीय कल्याण पाल अपने 22 वर्षीय साथी आकाश शाक्य के साथ बुधवार को बलारी माता मंदिर के मेले में गए थे। लौटते समय उनकी मोटरसाइकिल सिंहनिवास गांव के पास सड़क किनारे लगे बोर्ड से टकरा गई, यह हादसा लगभग शाम 4 से 5 बजे के बीच हुआ। इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, आकाश शाक्य की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। कल्याण पाल, जिनके हाथ में फ्रैक्चर था, को आगे के इलाज के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के भाई कैलाश पाल ने बताया कि कल्याण की चोटें ज्यादा गंभीर नहीं थीं और वह रात तक बातचीत कर रहा था। रात करीब 3 बजे जब उन्हें दर्द हुआ, नर्सिंग स्टाफ ने उन्हें एक इंजेक्शन दिया। इसके बाद कल्याण सो गए और फिर जागे नहीं। परिवार का दावा है कि गलत इंजेक्शन देने से उनकी मौत हुई।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. आशुतोष चौधरी ने बताया कि घायल युवक को रात में कैजुअल्टी से आर्थो वार्ड में शिफ्ट किया गया। वार्ड से मामले की जानकारी ली गई है और इस घटना की जांच की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके। कोतवाली पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
