![]()
बालाघाट के मोतीनगर क्षेत्र में स्थित शराब दुकान के खिलाफ बुधवार को वार्ड की महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाएं उसके सामने धरने पर बैठ गईं।
![]()
बालाघाट के मोतीनगर क्षेत्र में स्थित शराब दुकान के खिलाफ बुधवार को वार्ड की महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाएं उसके सामने धरने पर बैठ गईं।
जानकारी के अनुसार, नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 में देशी और विदेशी शराब की दुकान लंबे समय से रिहायशी इलाके में संचालित हो रही है। इसको लेकर स्थानीय महिलाएं पहले से ही विरोध जता रही थीं और लगातार आंदोलन कर रही थीं। उन्होंने इस संबंध में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर अपनी मांग भी रखी थी।
महिलाओं को उम्मीद थी कि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत यानी 1 अप्रैल से शराब दुकान को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। लेकिन 1 अप्रैल को जब दुकान फिर से पहले की तरह खुल गई, तो महिलाओं में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद वे अपने घरों से निकलकर दुकान के सामने इकट्ठा हुईं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थानीय निवासी भूमिका मदनकर ने बताया कि उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को ज्ञापन देकर शराब दुकान हटाने की मांग की थी। उनका कहना है कि आवासीय क्षेत्र में इस दुकान के संचालन से वार्ड का माहौल खराब हो रहा है और यह बच्चों तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन गया है।
भूमिका मदनकर के अनुसार, जिले के प्रभारी मंत्री, प्रशासनिक अधिकारियों और सांसद द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि नए वित्तीय वर्ष से दुकान को हटा दिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं होने और दुकान के दोबारा खुलने से महिलाओं में आक्रोश है।
महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान को वार्ड से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थापित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक दुकान को यहां से नहीं हटाया जाएगा, उनका विरोध प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा।