![]()
नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम कुंडला में शनिवार को भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए जवान मुकेश राठौर का शानदार स्वागत किया गया। देश सेवा में 24 साल देने के बाद जब वे अपने पैतृक गांव लौटे, तो पूरे गांव में उत्सव का माहौल देखने को मिला। स्वागत समारोह की शुरुआत तालाब के किनारे स्थित प्रसिद्ध कालेश्वर मंदिर में विशेष हवन से हुई। इस दौरान जवान और उनके परिवार ने विधिपूर्वक आहुतियां दीं और उनके मंगलमय भविष्य की कामना की।
सुबह 11 बजे, सैन्य वर्दी में सजे मुकेश राठौर ने पैदल रैली की शुरुआत की। तिरंगा हाथ में लिए ग्रामीणों का जोश पूरे क्षेत्र में देशभक्ति की भावना भर रहा था। करीब 3500 की आबादी वाले गांव की गलियों और नई बस्ती से होकर गुजरते हुए उन्होंने 6 किलोमीटर का सफर पैदल तय किया। इस दौरान डीजे पर देशभक्ति गीत बजे, जिससे युवा और महिलाएं झूमते नजर आए।
ग्रामीणों ने छतों और रास्तों से कई बार पुष्प वर्षा कर जवान पर स्नेह व्यक्त किया। रैली के दौरान गांव के 9 प्रमुख स्थानों पर मुकेश राठौर का स्वागत किया गया, उन्हें साफा पहनाया गया और नागरिकों द्वारा अभिनंदन किया गया।
मुकेश राठौर ने अपने पैतृक गांव के प्रति सम्मान दिखाते हुए हर मोड़ पर बुजुर्गों के चरण स्पर्श किए और उनका आशीर्वाद लिया। बुजुर्गों ने भी भावुक होकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रैली का समापन पुनः कालेश्वर मंदिर पर हुआ। इस आयोजन ने न केवल गांव की एकता और उत्साह को प्रदर्शित किया, बल्कि सेना के प्रति ग्रामीणों के अटूट सम्मान की भी मिसाल पेश की। 24 वर्षों तक सीमाओं पर सेवा देने के बाद अब यह सिपाही अपने परिवार और ग्रामीणों के बीच समय बिताएंगे।
