![]()
![]()
सिंगरौली जिले में बुधवार सुबह अचानक मौसम बदल गया और बैढ़न समेत कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश शुरू हो गई। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मंगलवार तक जिले का तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच था, लेकिन बारिश के बाद यह गिरकर करीब 30 से 32 डिग्री तक पहुंच गया। तापमान में आई गिरावट से मौसम सुहावना जरूर हो गया, लेकिन खेती के लिहाज से हालात चिंताजनक हो गए हैं।
दरअसल इस समय जिले में गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार है। कई खेतों में फसल खड़ी है, तो कई जगह कटाई के बाद खलिहानों में रखी गई है। ऐसे में अचानक हुई बारिश से फसल के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। अगर बारिश लगातार जारी रही तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक से दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। इसे देखते हुए किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, ताकि फसल को जितना हो सके सुरक्षित रखा जा सके।