![]()
इंदौर में अलग-अलग इलाकों से आत्महत्या के दो मामले सामने आए हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। चंदन नगर क्षेत्र में 16 साल की नाबालिग माही ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। रविवार सुबह उसने परिवार के साथ सामान्य तरीके से नाश्ता किया था और दिनभर घर में ही रही। दोपहर में वह अपनी भाभी से बात करती रही, इसके बाद अपने कमरे में चली गई।
शाम तक जब वह बाहर नहीं आई तो मां उसे देखने पहुंची। दरवाजा खोलकर देखा तो माही फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार के मुताबिक माही आठवीं कक्षा में पढ़ती थी और उसे पढ़ाई या किसी अन्य बात का तनाव भी नहीं था।
वहीं कनाड़िया थाना क्षेत्र के अंबा मुलिया गांव में 23 वर्षीय रामजीवन बलाई ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह खेत पर चौकीदारी का काम करता था और अपनी मां के साथ रहता था। शाम को परिजनों ने उसे घर में फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी।
दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
